राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी सुभाषचंद की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लेकर सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार में नारनौल खंड के स्कूलों के प्राचार्यों व मुख्य अध्यापकों को मास्टर ट्रेनर मनिन्द्र सिंह ने नई शिक्षा नीति के सभी सूक्ष्म बिन्दुओं बारे विस्तारपूर्वक बताया।
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि नई शिक्षा नीति बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ज्यादा कारगर साबित होगी। इसमें सृजनशीलता व बच्चों में निहित प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। हम बच्चों को रटने वाला तोता नहीं, बल्कि बच्चे के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली शिक्षा की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पुरानी 1986 की शिक्षा नीति से भिन्न है। इस कार्यशाला में विद्यालय के प्राचार्य ओमप्रकाश मोरवाल, कार्यकारी प्राचार्य सुरेंद्र कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, एबीआरसी हवासिंह, विनय कुमार, भूपेंद्र कुमार, निशा पांडे व सुमनलता आदि भी उपस्थित थे।

