वन्यजीव विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो इंडियन स्टार टॉर्टॉइज और दो रोज़-रिंग्ड पैराकीट बरामद
यमुनानगर। वन्यजीवों के अवैध कब्जे और खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के उद्देश्य से वन्यजीव विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जगाधरी छोटी लाइन स्थित एम/एस गणपति फिश एक्वेरियम एंड पेट वर्ल्ड पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान की जांच में दो इंडियन स्टार टॉर्टॉइज (भारतीय स्टार कछुए) और दो रोज़-रिंग्ड पैराकीट (तोते) बरामद किए गए।
बरामद वन्यजीवों एवं पक्षियों को वन्यजीव विभाग ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान दुकान का मालिक वरुण कुमार मौके पर मौजूद नहीं मिला। विभाग द्वारा दुकानदार के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और उसकी तलाश जारी है।
विभाग के अनुसार, मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, तथ्यों और बरामद वन्यजीवों से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य लागू नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई सहायक वन संरक्षक (वन्यजीव) राजेश माथुर के नेतृत्व में की गई। टीम में वन्यजीव निरीक्षक राजवीर सिंह व लीलू राम, फॉरेस्टर हरीश कुमार तथा वन्यजीव रक्षक संजीव कुमार और सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस विभाग की टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
राजेश माथुर ने बताया कि वन्यजीव विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध कब्जे, खरीद-फरोख्त एवं व्यापार के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को अवैध रूप से खरीदना, बेचना, रखना अथवा उनका व्यापार करना कानूनन अपराध है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वन्यजीवों को शौक या सजावट का साधन न बनाएं और किसी भी संदिग्ध अथवा अवैध वन्यजीव गतिविधि की सूचना विभाग को दें। वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
