यमुनानगर:-नगर निगम की टीम ने नेशनल हाईवे के किनारों से हटाए सात मीट के खोखे, दो का सामान किया जब्त
निगम की टीम ने मटका चौक से चुन्ना भट्टी तक चलाया अभियान,चार दिन पहले दो दिन का दिया गया था समय, नहीं उठाने पर निगम ने की कार्यवाहीं
यमुनानगर:-नगर निगम की टीम ने बुधवार को जगाधरी पौंटा नेशनल हाईवे किनारों से सात अवैध मीट के खोखों को हटा दिया। निगम की ओर से इन खोखा संचालकों को कई बार स्वयं हटने के लिए चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके खोखा संचालकों ने गंभीरता नहीं दिखाई। जिसके चलते बुधवार को सफाई निरीक्षक अमित कांबोज की टीम ने जगाधरी पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारों से मटका चौक से चुन्ना भट्टी तक मीट के खोखे हटाए गए। नगर निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह के आदेशों पर सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप दहिया, अमर सिंह, शशि, हरप्रीत सिंह, विजय की टीम का गठन किया गया। निगम की यह टीम बुधवार सुबह जगाधरी पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सबसे पहले मटका चौक के पास गऊ शाला के पास पहुंची। टीम ने यहां से मीट के खोखों का हटाया। यहां से हटाने के बाद अग्रसेन चौक, बुड़िया चौक व चुन्ना भट्टी के पास से मीट के खोखें हटाए गए। निगम की टीम को देख कुछ खोखा संचालकों ने स्वयं ही अपना सामान सड़क से उठा लिया। कुछ खोखा संचालकों के सामान को कर्मचारियों ने उठाकर निगम की गाड़ी में लोड करवाया। इस दौरान सात खोखों पर कार्यवाहीं की गई। सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने बताया कि बीती 17 फरवरी को भी नगर निगम की टीम द्वारा सड़क किनारे कब्जे कर रखे गए मीट के खोखों को हटाया गया था। इसके बाद चार दिन पहले इन्हें खोखा संचालकों को स्वयं खोखें उठाने के लिए दो दिन का समय दिया गया था। जिसके बाद अब निगम की ओर से इन पर कार्यवाहीं की गई। उनका कहना है कि शहर को साफ सुथरा रखने व सड़कों पर सुरक्षा की दृष्टि से सड़कों के किनारे रखे अवैध मीट के खोखों का उठाया जा रहा है। जिन लोगों के मीट के खोखें हाईवे किनारे है, उनपर कार्यवाही की जा रही है। खोखें हटाने का निगम का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।