वाराणसी से लाई जाएगी गुरु रविदास जन्मस्थली की पावन मिट्टी, हरियाणा के 27 जिलों में पहुंचेगा समरसता संदेश
भाजपा जिला कार्यालय 'यमुना कमल' जगाधरी में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया संबोधित
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने आज भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
हरियाणा सरकार कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा सरकार एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाक्टर अर्चना गुप्ता भाजपा संगठन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की 650वीं पावन जयंती के ऐतिहासिक और गरिमामयी अवसर को पूरा हरियाणा प्रदेश अत्यंत भव्य और अलौकिक रूप से 'सामाजिक समरसता कलश यात्रा' के रूप में मनाएगा। इस राज्यव्यापी भव्य आयोजन के तहत संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के जन्मस्थान वाराणसी (काशी) से पवित्र माटी लाकर प्रदेश के हर गांव और शहर में स्थित मंदिरों में स्थापित की जाएगी, ताकि समरसता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के मुख्य बिंदु:
वाराणसी से पवित्र माटी का आगमन:
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने समाज को भेदभाव से मुक्त, समानता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया था। उनके 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वाराणसी स्थित उनके पवित्र जन्मस्थान से पवित्र मिट्टी लाई जाएगी।
सामाजिक समरसता कलश यात्रा:
इस पवित्र माटी को 'सामाजिक समरसता कलश यात्रा' के माध्यम से हरियाणा के कोने-कोने में ले जाया जाएगा। प्रदेश के गांवों और शहरों के विभिन्न मंदिरों में इस माटी को ससम्मान स्थापित किया जाएगा, जिससे संपूर्ण हरियाणा श्री संत गुरु जी के आशीर्वाद से सिंचित होगा।
वाराणसी से पावन मिट्टी का आगमन व वितरण
वाराणसी से कलश पूजन: कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल (मंत्रियों, विधायकों व अनुसूचित जाति मोर्चा के नेताओं सहित) वाराणसी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से पावन मिट्टी का कलश लेकर हरियाणा पहुँचेगा।
शीतला माता मंदिर में स्थापना: इस पावन कलश को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में पवित्रता के साथ स्थापित किया जाएगा।
27 संगठनात्मक जिलों में वितरण: पावन मिट्टी को हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों, कस्बों और गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा ताकि सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर तक पहुँचे।
भव्य राज्यस्तरीय आयोजन:
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इस जयंती वर्ष को केवल एक दिन का उत्सव न बनाकर पूरे प्रदेश में एक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा। इसमें समाज के हर वर्ग, धर्म और जाति की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गुरु जी के 'बेगमपुरा' (ऐसा समाज जहां कोई दुखी न हो) के सपने को साकार किया जा सके।
युवा पीढ़ी को विचारों से जोड़ना:
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इस भव्य यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और भावी पीढ़ी को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के सिद्धांतों से जोड़ना है।
समानता और भाईचारे का संदेश:
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज में प्रसारित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संत रविदास जी का जीवन-दर्शन केवल किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। यह कलश यात्रा हरियाणा में सामाजिक सौहार्द और एकजुटता की एक नई मिसाल कायम करेगी।
इस अवसर पर यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, सफाई आयोग चेयरमैन ईश्वर पलाका, भाजपा जिला यमुनानगर मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, फकीरचंद मुंडाखेडा, जिला उपाध्यक्ष सुंदरलाल मैहलावाली, भाजपा नेता सोम प्रकाश नम्बरदार,कर्मचंद रटौली, पूर्व चेयरमैन काला राम सलेमपुर, जंगशेर सिंह,जगदीश मैहरामपुर,जिला लोक सम्पर्क अधिकारी डाक्टर मनोज कुमार, मंडल अध्यक्ष शुभम राणा, सुनील तेलीपुरा सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
