यमुनानगर:-नगर निगम के तीनों वरिष्ठ पदों पर भाजपा का परचम, मेयर के बाद सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पदों पर भी किया कब्जा
।।
प्रवीण शर्मा सीनियर डिप्टी मेयर व रानी कालड़ा के सिर सजा डिप्टी मेयर का ताज
यमुनानगर:-नगर निगम के मेयर पद के बाद सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पदों पर भी भाजपा का कब्जा हो गया। सोमवार को दोनों पदों में हुए चुनाव में सर्वसम्मति से वार्ड नंबर दो से पार्षद प्रवीण शर्मा को सीनियर डिप्टी मेयर व वार्ड नंबर 14 से रानी कालड़ा को डिप्टी मेयर चुना गया। मेयर समेत नगर निगम के तीनों पदों पर भाजपा का कब्जा होने के बाद निगम कार्यालय के बाहर खड़े सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। पक्ष व विपक्ष के पार्षदों ने नवनिर्वाचित सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर को मिठाईयां खिलाकर बधाई दी। इसके बाद कैनाल रेस्ट हाउस में शिक्षा मंत्री कंवरपाल, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, चुनाव प्रयवेक्षक वेदपाल, रामनिवास गर्ग, पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज समेत अन्य भाजपा नेताओं ने बधाई दी।नगर निगम कार्यालय के सभागार में हुई हाउस की साधारण बैठक में दोनों पदों की मेयर मदन चौहान, आयुक्त धर्मवीर सिंह, सीपीओ विपिन गुप्ता आदि अधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया हुई। रिटर्निंग अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी अरूण कुमार भार्गव ने चुनाव प्रक्रिया शुरू की।भाजपा वरिष्ठ अधिकारियों की तरफ से दोनों पदों के लिए भाजपा प्रत्याशियों के नाम एक बंद लिफाफे में भेजे गए। इस बंद लिफाफे को मेयर मदन चौहान द्वारा खोला गया। उन्होंने सीनियर डिप्टी मेयर के भाजपा प्रत्याशी के नाम की पर्ची वार्ड नंबर 10 से पार्षद सुरेंद्र शर्मा को खोलने के लिए दी। सीनियर डिप्टी मेयर पद के भाजपा प्रत्याशी के लिए पार्षद सुरेंद्र शर्मा व वार्ड नंबर एक से पार्षद संजय राणा ने प्रवीण शर्मा के नाम की घोषणा की। भाजपा के 15 पार्षदों का बहुमत होने पर सर्वसम्मति से प्रवीण शर्मा को सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए चुन लिया गया। इसके बाद लिफाफे से निकली डिप्टी मेयर के भाजपा प्रत्याशी के नाम की पर्ची को वार्ड 15 से पार्षद प्रिंस शर्मा ने खोली। पार्षद प्रिंस शर्मा व वार्ड नंबर 11 से पार्षद संकेत प्रकाश ने वार्ड नंबर 14 से पार्षद रानी कालड़ा को डिप्टी मेयर के भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। नगर निगम हाउस ने रानी कालड़ा को भी सर्वसम्मति से डिप्टी मेयर चुना गया। नवनिवार्चित सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण शर्मा व डिप्टी मेयर रानी कालड़ा को सभी पार्षदों ने बधाई दी। इसके बाद भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचकर व मिठाईयां बांट कर खुशी मनाई।




