यमुनानगर:मेयर ने कोविड सेंटर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों व परिजनों का बढ़ाया हौंसला,चौधरी लेखराज मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के कोविड सेंटर का मेयर ने किया निरीक्षण


Headline(toc)
यमुनानगर:-नगर निगम मेयर मदन चौहान लगातार कोविड सेंटरों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान सेंटरों में जहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, वहीं वहां पर भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों व उनके परिजनों हाल चाल पूछा जा रहा है। शनिवार को मेयर मदन चौहान ने गधौला स्थित चौधरी लेखराज मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के कोविड सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेयर चौहान ने यहां डॉक्टरों से बातचीत कर मरीजों को दिए जा रहे ट्रीटमेंट के बारे में जानकारी ली। साथ ही मरीजों से बातचीत कर उनका हौंसला बढ़ाया। मेयर चौहान ने कोविड सेंटर में ऑक्सीजन, बेड, वेंटीलेटर, दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही उन्हें कोरोना महामारी से लड़ने के लिए जागरुक किया।अस्पताल के डॉक्टर ने मेयर को बताया कि हमारे यहां बेड, ऑक्सीजन व वेंटीलेटर की पर्याप्त संख्या है। किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। कोरोना संक्रमित मरीजों की पूरी देखरेख की जा रही है। आधुनिक उपकरणों के माध्यम से मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। मेयर ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि दवाई देने के साथ साथ आप मरीजों व उनके परिजनों का मनोबल भी बढ़ाएं। मेयर चौहान ने मरीजों के परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से डरने की बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दे। यदि कोई भी दिक्कत आती है तो डॉक्टर से बातचीत करें। परिजनों से मिलने जाते समय किट पहनकर जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए हमें नियमित रूप से मास्क का इस्तेमाल करना है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना है। भीड़ एकत्रित नहीं करनी है।