यमुनानगर के खंड प्रतापनगर के ग्राम जयधर में जैविक व प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान विजय कुमार
February 03, 2024
0
यमुनानगर, 3 फरवरी । आज के समय में आधुनिक कृषि उत्पादन के अंतर्गत रासायनिक उर्वरकों का अविवेकपूर्ण एवं अन्धाधुंध प्रयोग किया जा रहा है। जिसके अनेक दुष्परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इस तरह की कृषि से जल, वायु और यहाँ तक की विभिन्न खाद्य पदार्थ भी दूषित हो रहे हैं। इस तरह के खाद्य पदार्थों का लगातार उपभोग करने से मनुष्य कई प्रकार के असाध्य रोगों का शिकार हो रहा है।
जिसके मद्देनजर केंद्र व हरियाणा सरकार रासायनिक खादों व जहरीली कीटनाशक दवाईयों के प्रयोग की अपेक्षा जैविक और जहर मुक्त खेती को बढ़ावा भी दे रही है और किसानों को जागरूक भी कर रही है।
इस कड़ी में यमुनानगर के खंड प्रतापनगर के ग्राम जयधर में जैविक व प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान विजय कुमार आठ वर्षों से अपना 45 एकड़ में यमुनानगर ऑर्गेनिक फार्म जयधर के नाम से प्रमाणित जैविक फार्म चलाकर प्राकृतिक खेती से अच्छा लाभ कमा रहे है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय जैविक खेती सेंटर गाजियाबाद और कुरुक्षेत्र गुरुकुल से आचार्य देवव्रत के मार्गदर्शन में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण लेकर मास्टर ट्रेनर के रूप के जिला यमुनानगर में 250 से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दे चुके है और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक कर रहे है।
ग्राम जयधर में यमुनानगर ऑर्गेनिक फार्म एक किसानों का समूह है जो की प्राकृतिक व जैविक खेती को जिले में बढ़ावा दे रहा है।उन्होंने बताया कि जैविक व प्राकृतिक खेती और किसानों को जागरुक करने के लिए उन्हें हरियाणा के कृषि मंत्री जे.पी. दलाल सहित कई संस्थानों से भी प्रशस्ति पत्र मिल चुके है।
उन्होंने बताया कि वे अपनी 45 एकड़ जमीन पर जैविक हल्दी, गेहूं, चावल, मूंग,उड़द, मौसमी सब्जियों के अलावा अमरूद, नींबू,चीकू, लीची,अदरक जिमीकंद, जौं की जैविक व प्राकृतिक खेती करते है और जैविक गुणवत्ता के किए फसलों की लैब जांच भी करवाते है।