यमुनानगर निकाय चुनाव को लेकर डीसी पार्थ गुप्ता ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी।
February 20, 2025
0
यमुनानगर निकाय चुनाव को लेकर डीसी पार्थ गुप्ता ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी।
यमुनानगर, 20 फरवरी- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी एवं नगर पालिका रादौर आम चुनाव-2025 को लेकर जिला सचिवालय के सभागार में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। डीसी ने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में मेयर व पार्षद पद हेतु 2 मार्च 2025 को चुनाव होना है तथा मतगणना 12 मार्च 2025 को मतगणना आईटीआई, यमुनानगर में होनी है। उन्होंने बताया कि ई.वी.एम. स्ट्रोंग रूम औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), यमुनानगर को बनाया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में कुल 3,55,278 मतदाता हैं जिसमें 189290 पुरुष मतदाता तथा 165986 महिला मतदाता हैं। नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी आम चुनाव-2025 हेतु उपमण्डल अधिकारी (ना0) जगाधरी को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उनके सहयोग हेतु जिला राजस्व अधिकारी, यमुनानगर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, यमुनानगर, उप-तहसीलदार, जगाधरी एवं खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी, छछरौली को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किये हुए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी आम चुनाव-2025 को शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने हेतु जिला में कुल 44 सैक्टर अधिकारी, 10 रिजर्व सैक्टर अधिकारी एवं 16 नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए हैं। नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में 348 पोलिंग स्टेशन हैं, निकाय चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए 2054 अधिकारियों/कर्मचारियों का स्टाफ नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में मेयर पद हेतु महिला अनुसूचित जाति का पद आरक्षित है। मेयर पद के लिए कुल 6 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया जिनमें से 2 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापिस ले लिया। अब कुल 4 उम्मीदवार ही मेयर पद के लिए मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में कुल 22 वार्ड है जिनमें से 12 वार्ड भिन्न-2 वर्गों के लिए आरक्षित हैं तथा सभी 22 वार्डों में कुल 102 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है इनमें से 2 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज हुए, शेष 100 उम्मीदवारों के नामांकन में से 13 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापिस ले लिए हैं। वर्तमान में 87 उम्मीदवार 22 वार्डों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।उन्होंने बताया कि ई.वी.एम. मशीनों की प्रथम रेंडमाइजेशन हो चुकी है तथा वार्ड वार छंटनी भी हो चुकी है। ई.वी.एम. की द्वितीय रेण्डमाईजेशन के लिए 21 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है। पोलिंग स्टाफ की ट्रेनिंग 20 फरवरी से 22 फरवरी 2025 तक मुकन्द लाल नेशनल कॉलेज में चल रही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी में 5 रैली स्थल निर्धारित किया गया है जो क्रमश: हुड्डा ग्राउंड सैक्टर-18 जगाधरी नजदीक विश्व भारती स्कूल, तेजली खेल परिसर, यमुनानगर के सामने वाला मैदान, अनाज मण्डी जगाधरी, सिटी सेंटर स्टेडियम यमुनानगर व दशहरा ग्राउंड, यमुनानगर है। उन्होंने बताया कि मेयर पद के लिए चुनाव हेतु 30 लाख रुपये खर्च कर सकता है। पार्षद पद के लिए चुनाव हेतु 7 लाख 50 हजार रुपये खर्च कर सकता है।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका, रादौर में चेयरमैन व पार्षद पद के लिए 2 मार्च 2025 को चुनाव होना है तथा मतगणना 12 मार्च 2025 को मतगणना केन्द्र राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रादौर में होनी है। ई.वी.एम. स्ट्रोंग रूम राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रादौर में बनाया गया है। नगर पालिका रादौर में कुल 11950 मतदाता हैं जिसमें 6268 पुरुष मतदाता तथा 5682 महिला मतदाता हैं। नगर पालिका, रादौर आम चुनाव-2025 के लिए उपमण्डल अधिकारी (ना0) रादौर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उनके सहयोग के लिए तहसीलदार, रादौर, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी, रादौर, उप मण्डल अभियन्ता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, रादौर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किये गए हैं।उन्होंने बताया कि नगर पालिका, रादौर आम चुनाव-2025 को शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने हेतु रादौर में 3 सैक्टर अधिकारी नियुक्त किये गए हैं। नगरपालिका, रादौर में 14 पोलिंग स्टेशन हैं। नगर पालिका, रादौर में चेयरमैन का पद अनारक्षित है। चेयरमैन के पद के लिए 7 उम्मीदवारों में से 2 उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापिस लेने उपरान्त अब 5 उम्मीदवार ही चेयरमैन पद के लिए मैदान में हैं। नगर पालिका, रादौर में 14 वार्ड है जिनमें से 8 वार्ड भिन्न-2 वर्गों के लिए आरक्षित हैं तथा सभी 14 वार्डों में कुल 45 उम्मीदवारों में से 9 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापिस ले लिए हैं। वर्तमान में 36 उम्मीदवारों 14 वार्डों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि चेयरमैन पद के लिए चुनाव के लिए 12 लाख 50 हजार रुपये खर्च कर सकता है। पार्षद पद के लिए चुनाव हेतु 3 लाख रुपये खर्च कर सकता है। उन्होंने बताया कि रैली स्थल निर्माणाधीन स्टेडियम एस.के. रोड़, रादौर एवं अनाज मंडी रादौर निर्धारित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने बताया कि नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी एवं नगर पालिका रादौर में 65 संवेदनशील बूथ बनाए गए है जिसके लिए पुलिस अधिकारी व कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नायब तहसीलदार चुनाव गुलशन शर्मा मौजूद रहे।